पाटी (चंपावत)। ब्लॉक से कूंड़, रीठा, बिगराकोट को जोड़ने वाली सड़क छह माह से बदहाल है लेकिन अभी तक किसी ने सुध नहीं ली है। वाहन चालकों और क्षेत्र के लोगों का कहना है कि विभाग की अनदेखी से देवाल बैंड से रीठा, बिगराकोट तक 15 किमी सड़क बदहाल है। जगह-जगह बदहाल सड़क हादसों को दावत दे रही है। देवल बैंड में सड़क की सुरक्षा दीवारें दोनों ओर करीब 10 मीटर क्षतिग्रस्त हैं। चखड़िया, कूंड़, झलकपुर और रीठा में सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और सड़क की चौड़ाई भी कम रह गई है। यहां पर लगातार वाहन फंस जाते हैं और दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है। भुम्वाड़ी में पंचायत घर के पास सड़क लगभग 20 मीटर क्षतिग्रस्त होकर बह गई है तो कनारी, बिगराकोट में सड़क जगह-जगह में टूट गई। इसमें मलबा, पत्थर, झाड़ी होने से रात्रि के समय सड़क में दोपहिया चालक गिर कर चोटिल हो रहे हैं।
पीएमजीएसवाई के सहायक अभियंता वीरेंद्र बोहरा ने बताया कि आपदा में क्षतिग्रस्त सड़क का प्रस्ताव बना के शासन को भेज दिया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
शासन, प्रशासन और विभाग को सूचना देने के बाद भी सड़क की सुध लेने वाला कोई नहीं हैं, खराब सड़क पर वाहन फंस जाने से वाहनों के पट्टे टूट जाते हैं और टायर फट जाते हैं। इसके चलते काफी नुकसान उठाना पड़ता है।
भुवन गहतोड़ी, वाहन चालक।
सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर गांवों को सड़क से जोड़ रही हैं। विभाग की अनदेखी से 15 किमी सड़क का कार्य छह माह से अधर में लटका है। जगह-जगह पर सड़क की सुरक्षा दीवार टूट गई। रात्रि के समय सड़क पर जान जोखिम में डाल कर आवाजाही करनी पड़ती है।
मुकेश भट्ट, स्थानीय।