बनबसा (चंपावत)। बनबसा पाटनी तिराहे के पश्चिमी छोर स्थित चंदनी ग्रामसभा की नई कॉलोनी के लोग सड़क नहीं होने से परेशान हैं। इसी क्षेत्र में बाबा श्याम के भव्य मंदिर का भी निर्माण किया जाना है जिसका भूमि पूजन हो चुका है। सड़क नहीं होने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पाटनी तिराहे के पश्चिमी छोर स्थित नई कॉलोनीवासियों और ग्रामीणों के बार-बार कहने पर भी शासन प्रशासन ने उनकी सुध नहीं ली है। बरसात में सड़क पर पानी भरा होने से आवागमन करना दूभर हो जाता है। नई बस्ती वासियों ने आपस में सहयोग राशि से बेड मैटेरियल डाल सड़क को आवागमन लायक तो बना दिया है, लेकिन बरसात में वहां पानी नाले की तरह बहता है। उनका कहना है कि इस सड़क से चंदनी ग्रामसभा के लोगों के अलावा आनंदपुर के ग्रामीणों का भी आवागमन होता है।
बड़ी संख्या में आनंदपुर, चंदनी के छात्र-छात्राएं स्कूलों को भी आवागमन करते हैं। उनका कहना है कि सरकार को सबसे अधिक टैक्स देने वाले व्यवसायियों के नई कॉलोनी में आवासीय भवनों के अलावा व्यावसायिक गतिविधियां चल रही हैं। सड़क अभाव में वहां बड़े वाहनों का संचालन भी नहीं हो पाता है। बस्ती वासी जमुना दत्त कलखुड़िया, मनोज मित्तल, विवेक पुरवार, संजय अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, राम नरेश देवल, तबरेज आलम, राहुल भाटिया, विक्रम ज्याला, भूपाल राम आदि ने प्रशासन से एनएच स्थित पाटनी तिराहा से नई कॉलोनी होकर आनंदपुर तक के लिए सड़क का निर्माण कराने की मांग की है।