चंपावत। टनकपुर-चंपावत एनएच पर बनलेख बैरियर से बिना उच्च अधिकारियों की अनुमति के निर्धारित अवधि के बाद वाहनों को छोड़ने पर एसपी अजय गणपति ने एक आरक्षी को निलंबित कर दिया है। एक अपर उपनिरीक्षक और एक आरक्षी के खिलाफ प्रारंभिक जांच की जा रही है।
टनकपुर- चंपावत राष्ट्रीय राजमार्ग आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त होने के कारण बनलेख बैरियर पर सुबह नौ से शाम पांच बजे तक वाहनों के आवागमन के लिए समय निर्धारित किया गया है। बनलेख बैरियर पर सात अक्तूबर सोमवार को वाहन रोकने के संबंध में लगाई गई ड्यूटी के दौरान आरक्षी नरेंद्र चंद ने टनकपुर की तरफ निर्धारित समयावधि के बाद वाहनों को लापरवाहीपूर्वक बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति के छोड़ दिया। एसपी ने मामले का संज्ञान लेते हुए ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर आरक्षी नरेंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। अपर उपनिरीक्षक राम सिंह राणा और आरक्षी राजेश गिरि के खिलाफ मामले में प्रारंभिक जांच की जा रही है। जांच में दोषी पाए जाने पर दोनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।