लोहाघाट (चंपावत)। रोडवेज बसों के खराब होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। कार्यशाला से काशीपुर जाने के लिए निकली बस करीब तीन किलोमीटर दूर पहुंचते ही बीच एनएच में खराब हो गई। इससे जाम की स्थिति पैदा हो गई। यातायात कर्मियों की कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाया गया।
सोमवार को सुबह रोडवेज बस (यूके07पीए 4305) रोडवेज कार्यशाला से बस स्टेशन के लिए निकली थी। कार्यशाला से करीब तीन किमी दूर पंचेश्वर टैक्सी स्टैंड के पास पहुंचते ही उसमें तकनीकी खराबी आ गई और बस बीच एनएच पर खड़ी हो गई। एनएच पर बस खड़ी होने से कुछ समय के लिए जाम लग गया। यातायात कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाकर यातायात सुचारू किया। चालक ने बस खराब होने की सूचना कार्यशाला में दी। इसके बाद बस को ठीक कर स्टेशन भेजा गया। रोडवेज के एजीएम धीरज वर्मा ने बताया कि बस की बैटरी में दिक्कत आ गई थी जिसे सही कर लिया है। लोगों ने रोडवेज डिपो को नई बसें उपलब्ध कराने की मांग की है।