लोहाघाट (चंपावत)। नगर में नालियों के बाहर दुकानें लगाकर किए गए अतिक्रमण पर नगर पालिका, राजस्व और पुलिस विभाग का डंडा चला। इस दौरान अतिक्रमणकारियों के चालान कर अतिक्रमण हटवाया।
तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी के नेतृत्व में नगर पालिका के ईओ सौरभ नेगी ने कालू सिंह मेहरा चौक और स्टेशन बाजार में अभियान चलाकर चालान किए। इस दौरान नालियों से बाहर सब्जी, परचून, जूते, फल और रेहड़ी की दुकान लगाकर अतिक्रमण करने वाले सात व्यापारियों के 14 हजार रुपये के चालान काटे गए। तहसीलदार ने बताया कि आपदा के दौरान नालियों में कचरा फंसने और सफाई में परेशानी के कारण यह कार्रवाई जरूरी थी। व्यापारियों को नालियों के ऊपर से सामान तुरंत हटाने और भविष्य में बाहर दुकान न लगाने की चेतावनी दी। कहा कि नियमों का उल्लंघन करने पर फड़ों को जब्त किया जाएगा। अभियान के दौरान ललित खोलिया, प्रमोद महर, सुमित गडकोटी, हेम माहरा, वीरेंद्र सिंह मेहता और संजय मुरारी मौजूद रहे।