लोहाघाट (चंपावत)। नगर के समीप बाराकोट टैक्सी स्टैंड के पास लोहाघाट-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग में बने गड्ढों ने लोगों की काफी दिक्कतें बढ़ा दी हैं। जर्जर एनएच में आवाजाही करने वाले वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
टैक्सी चालकों का कहना है कि कई बार एनएच विभाग को सूचना देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। गड्ढों के कारण न केवल ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है बल्कि दुर्घटनाओं की संभावना भी लगातार बनी हुई है।
टैक्सी चालक दीवान सिंह, राम सिंह, खुशाल सिंह, महेश चंद्र ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों वाहन आवाजाही करते हैं लेकिन सड़क की हालत दिनोंदिन बदतर होती जा रही है। बारिश के दौरान गड्ढों में पानी भर जाने से समस्या और भी गंभीर हो जाती है।
इससे वाहन चलाने को काफी परेशानियां होती हैं। वाहन चालकों और लोगों ने जल्द एनएच की मरम्मत की मांग की है। जल्द एनएच में बने गड्ढे न भरने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।