लोहाघाट (चंपावत)। डिग्री कॉलेज लोहाघाट को जाने वाला मोटर मार्ग बदहाल है। आपदा में क्षतिग्रस्त मोटर मार्ग के ठीक नहीं होने से वाहन चालक जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं।
लोगों और अभिभावकों ने लोनिवि से जल्द सड़क की मरम्मत करने की मांग उठाई है। लोगों का कहना है कि करीब आठ माह पूर्व आई आपदा में डिग्री कॉलेज मार्ग में बाड़ीगाड़ के पास सड़क धंस गई है। इससे सड़क में नदी की ओर गड्ढा बन गया है।
लोगों का कहना है कि इस मोटर मार्ग से डिग्री कॉलेज के बच्चों सहित वन विभाग, रायनगर चौड़ी, डैंसली, भुमलाई, कोयाटी, गल्लागांव, गंगनौला, नसखोला आदि गांवों के हजारों लोग आवाजाही करते हैं। करीब आधी सड़क धंसने से सड़क की चौड़ाई कम हो गई है। सबसे अधिक समस्याएं दोपहिया वाहन चालकों को हो रही हैं। गड्ढा बचाने के चक्कर में वे गलत दिशा में जा रहे हैं। इससे दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग से कई स्कूल बसें, मालवाहक वाहन आदि गुजरने से लगातार सड़क धंसती जा रही है।