टनकपुर (चंपावत)। क्षेत्र में आए दिन राहगीरों पर हमला करने और सड़क हादसों को आमंत्रित करते लावारिस जानवरों को लेकर प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। डीएम मनीष कुमार के निर्देश के बाद पालिका प्रशासन हरकत में आ गया है और नगर क्षेत्र से पांच सांड़ समेत 10 लावारिस जानवरों को पकड़कर कालझाला स्थित गोशाला में भेजा। ईओ ने बताया कि नगर क्षेत्र में अभियान जारी है।
पिछले कुछ समय से लावारिस जानवरों के राहगीरों पर हमला करने के अनेक मामले सामने आते रहे हैं। प्रशासन और पालिका की ओर से हमलावर जानवरों को हटाया जाता रहा है लेकिन नए लावारिस जानवर आ रहे हैं। हाईवे हो या आंतरिक रोड, पार्कों में इनका डेरा रहता है। क्षेत्र के लोग निरंतर इनको गोशाला भेजने की मांग उठाते रहे हैं। डीएम के कड़े निर्देश मिलते ही पालिका ईओ भूपेंद्र प्रकाश जोशी के नेतृत्व में बृहस्पतिवार से ही टीम सक्रिय हो गई है। ईओ ने बताया कि विशेष अभियान चलाकर लावारिस जानवरों को गोशाला पहुंचा गया। अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा। नगर पालिका ने अपने पालतु पशुओं को खुले में न छोड़ने की अपील की। टीम में वाहन चालक श्याम सिंह पर्यावरण मित्र सुधीर, संजीव, आदर्श, अमित, सूरज, अरुण, सौरभ, शिवम शुक्ला आदि मौजूद रहे।