टनकपुर (चंपावत)। क्षेत्र में रुक-रुक कर बरसात के बीच टनकपुर-बनबसा के बीच रेलवे लाइन में मनिहारगोठ में विशालकाय आम का पेड़ गिर गया। इससे बृहस्पतिवार सुबह मथुरा एक्सप्रेस ट्रेन करीब 45 मिनट रुकी रही। सूचना मिलते ही रेलवे कर्मियों ने जल्द पेड़ को हटाने का कार्य कर लाइन को साफ किया।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक केडी कापड़ी ने बताया कि बरसात में टनकपुर और बनबसा के बीच रेलवे में आम का पेड़ गिर गया। इससे सुबह 4:35 बजे रवाना गाड़ी (05062) मथुरा एक्सप्रेस ट्रेन को 45 मिनट रुकना पड़ा। रेलवे कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर पेड़ को काटकर लाइन से हटाया। इसके बाद रेल यातायात सुचारु हो सका। इस बार इस बरसात के सीजन में पेड़ गिरने की यह पहली घटना है। टनकपुर से बनबसा होकर चकरपुर तक लाइन के नजदीक पेड़ होने से बरसात में उनके रेलवे लाइन पर गिरने का खतरा बना रहता है। संवाद