टनकपुर (चंपावत)। डीएम नवनीत पांडेय ने टनकपुर-बनबसा में मानसून में आपदा से बचाव को लेकर समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को 15 जून तक किरौड़ा नाला समेत अन्य संवदेनशील नदी-नालों के चैनेलाइजेशन के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर नालों के ऊपर के अतिक्रमण को भी हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने किरौड़ा नाले और जगबुड़ा का निरीक्षण किया।
बीते वर्ष टनकपुर-बनबसा में बरसात से कहर बरपाया था। जगह-जगह जलभराव से जनजीवन प्रभावित रहा। किरौड़ा नाले का पानी घसियारामंडी की ओर आने से जलभराव और बाढ़ से लोग बेहाल रहे। बीते दिनों सीएम के समक्ष भी मामला उठा। सीएम ने कार्रवाई के निर्देश दिए। शुक्रवार को डीएम पांडेय ने एनएच पर किरौड़ा नाले से लेकर जगबूड़ा तक जायजा लिया। उन्होंने तहसील में समीक्षा बैठक लेकर संबंधित विभागों को निर्देश दिए। इसमें 15 जून तक चैनेलाइजेशन, नालों का पानी रोकने वाले अतिक्रमण को हटाना शामिल है। उन्होंने कहा कि बरसात से पहले सभी तैयारी पूरी कर लें। एसडीएम आकाश जोशी ने बताया कि टनकपुर और बनबसा में विभागों की ओर से अब तक की तैयारियों से अवगत कराया। बैठक में सिंचाई विभाग के एसडीओ आरके यादव, वन विभाग और एनएचएआई के अधिकारी मौजूद रहे।