टनकपुर (चंपावत)। मानसून सत्र नजदीक आते ही धान की पौध तैयार करने और रोपाई के सिंचाई गूलों की मरम्मत न होने से ग्राम उचौलीगोठ के ग्रामीण नाराज हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द गूलों की मरम्मत कराने की मांग उठाई।
शनिवार को ग्रामीण हेम जोशी, दीवान आर्य, प्रकाश सिंह, सुरेश सिंह, नाथ सिंह आदि ग्रामीणों ने एसडीएम आकाश जोशी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि गांव में छह जगह सिंचाई गूलों की मरम्मत होनी है। ये गूलें ग्राम सभा ने बनाई थीं। नलकूप विभाग का कहना है कि ग्राम सभा की बनाई गूलों की मरम्मत का कार्य विभाग का नहीं है। उचौलीगोठ में ग्रामीण फतेह सिंह से नाथ सिंह के यहां तक 250 मीटर गूल, प्रकाश सिंह से श्याम सिंह के यहां तक 200 मीटर, चंचल सिंह से कृष्ण सिंह के यहां तक 100मीटर, तारा दत्त पांडे से हेम जोशी के यहां तक 250 मीटर ब्रह्मदेव चराखेत में चतुर सिंह से दीवान आर्या के यहां तक 200 मीटर सिंचाई गूल की मरम्मत की जानी है। उन्होंने गूलों मरम्मत के लिए अपने स्तर पर तालमेल बनाकर इसी वित्तीय वर्ष में कार्य कराने की मांग उठाई है। इधर, एसडीएम ने नलकूप विभाग के साथ 26 मई को बैठक कर समाधान करने का भरोसा दिलाया।