टनकपुर (चंपावत)। चंपावत हाईवे पर ककरालीगेट और बस्तिया के बीच तीन पानी में सड़क पर बाघ के नजर आने से बाइक सवारों में दहशत है। सूचना पर शारदा रेंजर और वन कर्मियों ने घटना स्थल का जायजा लिया और बाइक सवारों को सतर्क किया।
शुक्रवार दोपहर हाईवे से बस्तिया गांव के दो बाइक सवार टनकपुर की ओर आ रहे थे। इस बीच तीन पुलिया के पास अचानक बाघ सड़क पर आ गया। बाघ के आक्रामक नजर आने पर बाइक सवारों ने बाइक दौड़ाकर ककराली गेट वन चौकी में सूचना दी। बाइक सवार मनीष थापा ने बताया कि बाघ उनकी ओर झपट्टा मारने को आ रहा था। उन्होंने गाड़ी दौड़ाई और पीछे धीरे-धीरे आ रहे बाइक सवारों को भी सतर्क किया। सूचना मिलते ही शारदा रेंजर पूरन चंंद्र जोशी, वन दरोगा महेश अधिकारी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। तब तक बाघ जा चुका था। इसके बाद वन विभाग की टीम ने आने जाने वाले दोपहिया वाहन चालकों को सतर्क किया।