चंपावत। डीएम मनीष कुमार ने बुधवार देर रात जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। उन्होंने कई वार्डों में भर्ती मरीजों से सीधा संवाद कर इलाज की स्थिति, दवाओं की उपलब्धता, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने रामीचंद सहित अन्य मरीजों से भी हालचाल जाना और उनके परिजनों से भी फीडबैक लिया।
डीएम ने मरीजों को उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं और चिकित्सकों, स्टाफ के लिए उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी ली। आपातकालीन कक्ष, जनरल वार्ड, आईसीयू, पोस्ट ऑपरेशन वार्ड, लेबर रूम, नर्सिंग स्टाफ रूम, डॉक्टर्स रूम, कैंटीन सहित संपूर्ण अस्पताल परिसर को देखा। उन्होंने सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड जांच सुविधाओं की भी समीक्षा करते हुए उनकी कार्यशीलता, तकनीकी स्थिति, मरीजों को मिलने वाली सेवा की गुणवत्ता की जानकारी ली।
डीएम ने व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए कई नर्सिंग स्टाफ रूम में सीलन और क्षतिग्रस्त टाइल्स की मरम्मत, डस्टबिन पर नाम अंकित करने, आईसीयू वार्ड में उपयुक्त पार्टिशन की व्यवस्था, सिस्टर और डॉक्टर कक्षों को व्यवस्थित के महत्वपूर्ण निर्देश दिए।
हर बेड के पास रैक लगाने और जटिल चिकित्सा मामलों के लिए पृथक वार्ड स्थापित करने, ओपीडी परिसर में टीवी डिस्प्ले लगाए जाने और प्रतीक्षारत मरीजों और तीमारदारों के लिए शेड और बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रैन बसेरा की स्थिति का अवलोकन करते हुए मरीजों के परिजनों के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। निरीक्षण के दौरान सीडीओ डॉ. जीएस खाती, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, पीएमएस डॉ. एचएस ह्यांकी आदि मौजूद रहे।