लोहाघाट। नगर में अवैध रूप से पेयजल कनेक्शनों पर मोटर लगाने वालों पर जलसंस्थान, जलनिगम और प्रशासन की टीम ने कार्रवाई की। इस दौरान तीन घरों में अवैध रूप से मोटर लगाने पर कार्रवाई की।
एसडीएम नितेश डांगर के दिशा निर्देशन पर तहसीलदार जगदीश सिंह नेगी, जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट, जल निगम के सहायक अभियंता नरेंद्र मोहन गड़कोटी और अपर सहायक अभियंता चंद्रशेखर पंत की टीम ने डिग्री कॉलेज तिराहे से मुख्य चौराहे तक पानी के कनेक्शनों की जांच की। इस दौरान तीन घरों में अवैध जल संयोजन पाए गए और टुल्लू पंप का भी उपयोग करते हुए कई उपभोक्ता पकड़े गए।
टीम ने मौके पर ही टुल्लू पंप हटवाए और संबंधित उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए। अधिकारियों ने कहा कि जल आपूर्ति में बाधा उत्पन्न करने वाले ऐसे अवैध तरीकों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की कि वह वैध जल कनेक्शन लें और अवैध उपकरणों का प्रयोग बंद करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर हिमांशु बिष्ट, रवि महर, ऋषभ कुमार, अमित, विजय भंडारी, सतीश पंत मौजूद रहे। संवाद