चंपावत। चंपावत जिले के 28 शैडो क्षेत्रों में से 16 में मोबाइल टावर स्थापित कर संचालित कर दिए गए हैं। अब जिले में मात्र आठ शैडो क्षेत्र संचार विहीन हैं। यहां पर टावर लगाने सहित अन्य कार्य किया जा रहा है।
डीएम नवनीत पांडेय की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में जिला टेलीकॉम समिति की बैठक हुई। उन्होंने जिले के संचार विहीन क्षेत्रों को जल्द से जल्द संचार सुविधा से जोड़ने की मांग की। इस दौरान भारत दूरसंचार निगम के मंडलीय अभियंता ने बताया कि छह मोबाइल टावरों में बिजली की समस्या थी जिन्हें मिसिंग लिंक से प्राप्त धनराशि से एक माह के भीतर संचालित कर दिया जाएगा।
डीएम ने कहा कि निकाय चुनाव और पंचायत चुनाव के दृष्टिगत शैडो एरिया में विशेष प्रयास करते हुए टावरों को प्राथमिकता के आधार पर क्रियाशील करना सुनिश्चित करें। यूपीसीएल को निर्देश दिए कि इन स्थानों पर बिजली कनेक्शन प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराएं। उरेडा विभाग को भारत नेट से संचार व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
फरवरी माह में मां पूर्णागिरि के काली मंदिर में बीटीएस टावर लगाने के निर्देश दिए। साथ ही वनराजी बाहुल गांव खिरद्वारी और वालिक में भी मोबाइल टावर स्थापित करने के लिए शीघ्र कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने भारत दूर संचार निगम की भारत बैंड योजना के तहत प्रथम चरण में विकासखंड लोहाघाट के सभी 68 ग्राम पंचायत में फाइबर नेटवर्क की कनेक्टिविटी कार्य की प्रगति की भी जानकारी ली। दूरसंचार निगम ने बताया कि 66 ग्राम पंचायतों में फाइबर नेटवर्क की कनेक्टिविटी पहुंचा दी गई है। बैठक में कई अधिकारी मौजूद रहे।