लोहाघाट (चंपावत)। स्टेशन बाजार में व्यापारियों के दोपहिया वाहन बुधवार से खड़े नहीं हो सकेंगे। पुलिस ने वाहनों को चिह्नित कर दुकान स्वामियों को अपने वाहनों को मीट मार्केट में खड़ा करने के निर्देश दिए। नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी मनीष खत्री ने बताया कि सुगम और सुरक्षित यातायात को देखते हुए स्टेशन बाजार में दुकानों के आगे दिनभर खड़े रहने वाले व्यापारियों के दोपहिया वाहनों को खड़ा नहीं होने दिया जाएगा। व्यापारियों को अपने वाहनों को मीट मंडी में खड़ा करना होगा। बताया कि व्यापारियों के वाहनों में पहचान के लिए स्टीकर लगाए गए हैं। बुधवार से स्टेशन बाजार क्षेत्र में गलत तरीके खड़े वाहनों को क्रेन की मदद से थाने में जमा किया जाएगा। व्यापारी उनकी दुकानों के आगे खड़े वाहनों को हटाने की मांग कर रहे थे। कई बार प्रदर्शन भी किया। थाना प्रभारी ने कहा कि लोगों के वाहन भी देर तक खड़े नहीं होने दिए जाएंगे।