लोहाघाट के रैन बसेरे के समीप नाली टूटने से ऋषेश्वर मंदिर की ओर बहती नगर क्षेत्र की गंदगी।
- फोटो : अमर उजाला
रैनबसेरे के पास नाली क्षतिग्रस्त होने से शहर की गंदगी ऋषेश्वर मंदिर तक पहुंच रही है। क्षतिग्रस्त नाली को नगर पंचायत की ओर से ठीक नहीं कराए जाने पर लोगों ने नाराजगी जताई है।
ऋषेश्वर मंदिर के पुजारी मान सिंह पुजारी, महंत बची गिरी, मोहन गिरी, क्षेत्र पंचायत सदस्य भैरव दत्त राय, सुरेश सिंह ढेक, पूरन चंद्र राय, गणेश दत्त राय, शंकर दत्त आदि का कहना है कि शहर की सारी गंदगी मंदिर मार्ग पर बहने से ग्रामीणों और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नागरिकों का कहना है कि कुछ लोग इस सड़क पर भारी-भरकम डंपरों को खड़ा कर रहे हैं जिससे नाली क्षतिग्रस्त हो गई है। मामूली बारिश में लोग अपने घरों का गटर भी खोल देते हैं जिससे सारी गंदगी ऋषेश्वर मंदिर परिसर तक पहुंच जाती है। आए दिन शिवालय मार्ग पर रेत, ईंट, रोड़ी से भरे टिप्पर खड़े हो जाते हैं।
इससे राहगीरों का चलना दूभर हो रहा है और सड़क भी बदहाल हो गई है। लोगों ने नगर पंचायत और स्थानीय प्रशासन से रोड को क्षतिग्रस्त करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। नाली ठीक नहीं करने और मंदिर मार्ग पर बह रहे गंदे पानी की निकासी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
इधर मामले की भनक लगने पर नगर पंचायत अध्यक्ष गोविंद वर्मा ने पर्यावरण मित्रों के साथ मौके पर पहुंचकर नाली खुलवाकर पानी की निकासी करवाई। अध्यक्ष का कहना है कि इस प्रकार सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।