बारहमासी सड़क निर्माण के दौरान धौन के पास राष्ट्रीय राजमार्ग में जाम में फंसे वाहन
- फोटो : अमर उजाला
टनकपुर और पिथौरागढ़ के बीच बन रही बारहमासी सड़क के निर्माण में जहां मानकों की अनदेखी की जा रही है। वहीं, सड़क के निर्माण के दौरान दिन में कई घंटों तक लग रहे जाम से लोग परेशान होने लगे हैं। यही नहीं जाम के दौरान सड़क के निर्माण कार्य में लगे लोगों की ओर से यात्रियों के साथ अभद्रता किए जाने की शिकायतें भी आने लगी हैं।
बारहमासी सड़क निर्माण के लिए जहां रात में वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बंद रखा जा रहा है, वहीं दिन के समय सड़क कटिंग से कई कई घंटों तक जाम में एंबुलेंस सहित कई जरूरी वाहन फंस रहे हैं। सड़क निर्माण के दौरान अलग-अलग स्थानों पर दिन-रात पहाड़ कटिंग का कार्य किया जा रहा है। इस कारण गिर रहे मलबे से एनएच पर यात्रियों को जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है, जबकि एनएच निर्माण खंड की ओर से सभी कार्यदायी संस्थाओं को किसी भी सूरत में आधे घंटे से अधिक समय तक सड़क मार्ग बाधित नहीं रखने के निर्देश दिए हैं।
निर्माण खंड के अधिशासी अभियंता एलडी मथेला का कहना है कि निर्माण कार्य में लगी कंपनियों को इस संबंध में पूर्व में ही दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। अब तक किसी भी स्थान पर आधे घंटे से अधिक समय तक मार्ग बाधित रहने की शिकायत नहीं मिली है।