टनकपुर (चंपावत)। शहर के विष्णपुरी कॉलोनी वार्ड के लोगों ने प्रशासन से वार्ड में जलभराव की समस्या से जल्द छुटकारा दिलाने के उपाय किए जाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि निकासी व्यवस्था न होने से बरसात में लोगों के घरों के अंदर तक पानी भरने से उन्हें नुकसान झेलना पड़ रहा है। यदि जल्द निकासी व्यवस्था नहीं की गई तो जानमाल का भी खतरा हो सकता है।
सोमवार को गौरव शर्मा व दिनेश चंद्र भट्ट की अगुवाई में तहसील पहुंचे कालोनी के लोगों ने नायब तहसीलदार पिंकी आर्या के माध्यम से डीएम को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में कहा गया है कि विष्णुपुरी कॉलानी वार्ड 11 में लंबे समय से बरसात के दिनों में जलभराव की समस्या पैदा हो रही है। शासन-प्रशासन के नुमाइंदों से कई बार निकासी व्यवस्था किए जाने की मांग की गई, लेकिन अब तक कुछ नहीं हुआ। गत 20 मई को हुई बारिश से कॉलोनी में जलभराव के कारण बरसाती पानी लोगों के घरों के अंदर तक घुसा। इससे कई लोगों का घरेलू सामान और खाद्यान्न खराब हुआ है। उनका कहना है कि नगर पालिका ने वार्ड में नाले को पाटकर सड़क तो बना दी, लेकिन पानी निकासी की व्यवस्था न कर लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। उन्होंने जिलाधिकारी से शीघ्र पानी निकासी की व्यवस्था कराए जाने का आग्रह किया है। ज्ञापन देने वालों में गीता बिष्ट, सुनील तिवारी, भगवती देवी, भैरवी देवी के साथ कांग्रेस नगर अध्यक्ष अनिल चौधरी पिंकी भी शामिल थे।