लोहाघाट (चंपावत)। विकास खंड बाराकोट के नौमाना गांव में युवाओं को आगे बनाने के लिए की गई पूर्व प्रधान की पहल रंग लाने लगी है। गांव में पूर्व प्रधान की ओर से खोले गए पुस्तकालय में अध्ययन कर यहां के बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्तीर्ण होकर सरकारी नौकरियों में लग रहे हैं।
करीब एक वर्ष पूर्व गांव के पूर्व प्रधान संजय जोशी, निवर्तमान ग्राम प्रधान सुनीता जोशी ने युवाओं को नशे से दूर रखते हुए उनके शैक्षिक स्तर को बढ़ाने की पहल करते हुए गांव में प्राथमिक विद्यालय के अतिरिक्त कक्ष की मरम्मत कराकर एक उसे सार्वजनिक पुस्तकालय का रूप दिया।
उन्होंने निजी संसाधनों से फर्नीचर आदि की व्यवस्था की। पुस्तकालय में कई प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारियों के लिए ग्राम पंचायत की कंटीजेंसी मद में बची राशि से उपयोगी पुस्तकें खरीदकर रखी गईं। साथ ही सुरक्षा के लिए तीन सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। पुस्तकालय चौबीसों घंटे युवाओं के लिए खुला रहता है।