लोहाघाट (चंपावत)। चंपावत जिले के सर्वाधिक ओपीडी वाले उपजिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती न होने पर लोगों ने नाराजगी जताई है। आक्रोशित लोगों ने विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जल्द मांग पूरी न होने पर स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ प्रदर्शन की चेतावनी दी।
बुधवार को नगर पालिका के सभासद राजकिशोर साह के नेतृत्व में लोगों ने अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना था कि लंबे समय से अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, स्त्री रोग विशेषज्ञ, सर्जन और फार्मासिस्ट के पद रिक्त हैं। इससे लोगों को बेहतर उपचार नहीं मिल पा रहा है। कहा कि लोहाघाट अस्पताल में पाटी, देवीधूरा, पंचेश्वर, रौंसाल, रीठा साहिब, बाराकोट, घाट आदि स्थानों से लोग उपचार के लिए आते हैं। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती न होने से रोगियों को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी, खटीमा, बरेली आदि स्थानों की दौड़ लगानी पड़ती है।
लोगों ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की लचर प्रणाली से अस्पताल मात्र रेफरल सेंटर बनकर रह गया है। कहा कि अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट होने के बावजूद सप्ताह में मात्र तीन दिन ही अल्ट्रासाउंड हो रहे हैं। जिससे दूर दराज से आने वाली गर्भवती महिलाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इधर, चिकित्साधीक्षक डॉ. सोनाली मंडल का कहना है कि अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की मांग को लेकर लगातार उच्चाधिकारियों को पत्र भेजे जा रहे हैं। प्रदर्शन करने वालों में सभासद भुवन बहादुर, दीपक साह, दिनेश पंत, कीर्ति बल्लभ, नवीन सिंह, नंदन जोशी, विनीत पंत, नवीन जोशी, होशियार सिंह, रेखा देवी, खिलानंद पंत, भुवन भट्ट आदि शामिल रहे।