लोहाघाट (चंपावत)। नगर के आदर्श कॉलोनी के भेड़खान मोहल्ले में देवदार के आठ पेड़ काटे जाने के मामले में क्षेत्रीय पटवारी ने अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है। घटना से क्षेत्र के लोगों में गुस्सा है।
आदर्श कॉलोनी के भेड़खान मोहल्ले में बेखौफ तस्करों ने देवदार के आठ पेड़ों पर आरी चला दी जिसमें से कई हरे पेड़ भी शामिल थे। तस्करों की ओर से खुलेआम दुर्लभ पेड़ों पर आरी चलाई गई लेकिन प्रशासन और वन विभाग को इसकी भनक तक नहीं लगी। तहसीलदार विजय गोस्वामी ने बताया कि देवदार के पेड़ों को काटने के मामले में पटवारी राकेश पंगरिया की ओर से थाने में तहरीर दी गई है। थानाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह कोरंगा ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया जा रहा है।
दो कमरों में भरे हैं पेड़ो की बल्ली, तख्ते और फर्रे
लोहाघाट (चंपावत)। लोगों का कहना है कि जिस स्थान पर पेड़ काटे गए हैं वहां बने एक कमरे में बल्ली, तख्ते और मशीन बरामद हुई है। साथ ही पास के एक मकान के कमरे में चिरान किए गए पेड़ों के फर्रे भरे हुए हैं। अगर पुलिस प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए इन मकानों के स्वामियों से सख्ती से पूछताछ करे तो वन तस्करों का पर्दाफाश हो सकता है। संवाद
वन तस्कर को बड़े संरक्षण होने की चर्चा
लोहाघाट (चंपावत)। भेड़खान मोहल्ले में देवदार के आठ पेड़ों को दिनदहाड़े काटने का मामला नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोगों का कहना है कि बिना किसी संरक्षण के कोई भी व्यक्ति इतनी बड़ी संख्या में पेड़ काटने की हिमाकत नहीं कर सकता है। तस्कर पांच दिनों से बिना डरे धड़ाधड़ दुर्लभ प्रजाति के देवदार के पेड़ काटते रहे। लोगों का कहना है कि भारी मात्रा में देवदार की लकड़ी को तस्करों ने ठिकाने लगा दिया है जिसकी जांच की जानी चाहिए। संवाद