चंपावत। सीएम के विधानसभा क्षेत्र के जिला अस्पताल में लोगों को अब ऑनलाइन सॉफ्टवेयर से पर्ची पंजीकरण की सुविधा मिलेगी। मरीजों को अस्पताल में चिकित्सकों की जानकारी भी ऑनलाइन माध्यम से मिल जाएगी। इस प्रणाली के लागू होने के बाद सबसे अधिक राहत बुजुर्ग लोगों को मिलेगी।
चंपावत जिला अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब लंबी लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए कार्य किया जा रहा है। एनआईसी अस्पताल की एप बना रहा है। इसमें अस्पताल में मिलनी वाली सुविधाओं की पूरी जानकारी के साथ ही अन्य जानकारी भी मिलेगी। अस्पताल में कौन से चिकित्सक उपस्थित या अनुपस्थित हैं, इसकी जानकारी भी एप के माध्यम से प्राप्त की जा सकेगी। लोग मोबाइल पर एप डाउनलोड कर इसका लाभ ले सकेंगे।
अस्पताल में जल्द ही ऑनलाइन बुकिंग शुरू होगी। इसका सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है। करीब एक सप्ताह में मरीज घर से ऑनलाइन बुकिंग कर सकेंगे और अस्पताल के चिकित्सक की जानकारी भी उन्हें मिल जाएगी। इसके लिए लगभग पूरा कार्य हो चुका है।
मोहित साह, प्रभारी जिला सूचना विज्ञान अधिकारी, चंपावत।