चंपावत जिले के सीमांत सौराई से मरीज को डोली पर लाते ग्रामीण।
- फोटो : अमर उजाला
जिले के सीमांत तल्लादेश क्षेत्र के गांवों में सड़क नहीं होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को सड़क सुविधा की कमी के कारण ग्रामीणों को एक बीमार व्यक्ति को सौराई से मंच तक 15 किमी डोली से लाना पड़ा। मंच पहुंचने के बाद 108 नहीं मिलने पर मरीज को प्राईवेट वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
सौराई के पूर्व ग्राम प्रधान दान सिंह बोहरा ने बताया कि गांव के बुजुर्ग राम सिंह (103) पुत्र फकीर सिंह की मंगलवार रात अचानक तबीयत बिगड़ गई। स्वास्थ्य अधिक खराब होने से ग्रामीण मरीज को डोली के सहारे मुख्य सड़क मंच तक ले आए। सौराई से मंच तक करीब 15 किमी उबड़ ख़ाबड़ रास्ते में मरीज को लाने में ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सौराई के ग्रामीण कई बार सड़क की मांग कर चुके हैं। उसके बावजूद मंच -सौराई सड़क को मंजूरी नहीं मिल पा रही है। ग्रामीण सड़क को लेकर कई बार कलक्ट्रेट में भी धरना प्रदर्शन भी कर चुके हैं। मरीज को लाने वाले विनोद सिंह, पुष्कर सिंह, बची सिंह, टेहर सिंह, नारायण सिंह और लक्ष्मण सिंह आदि ग्रामीणों ने बताया कि पलायन के कारण गांवों में मरीजों को डोली के जरिए अस्पताल पहुंचाने वाले भी नहीं मिल पा रहे हैं।ं