बीते दो माह से मानदेय न मिलने से परेशान जलसंस्थान के ठेका कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने कार्यालय परिसर में नारेबाजी कर शीघ्र मानदेय न मिलने पर कार्य बहिष्कार कर आंदोलन की चेतावनी दी।
ठेका कर्मचारी ललित कुमार और त्रिलोक सिंह ज्याल के नेतृत्व में जलसंस्थान कार्यालय पहुंचे और मानदेय के भुगतान के लिए विभाग और ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। कहा कि निष्ठापूर्वक कार्य करने के बाद भी कर्मचारियों को समय पर मानदेय का भुगतान नहीं हो रहा है। नवंबर और दिसंबर माह का मानदेय अब तक नहीं मिला है, जिससे उन्हें गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
आगाह किया है कि मानदेय का जल्द भुगतान न होने पर कर्मचारी कार्य बहिष्कार कर आंदोलन की राह पकड़ने को विवश होंगे। प्रदर्शन में उमेश बाल्मीकि, योगेंद्र चंद, पूरन सिंह मेहता, कमल जोशी, प्रकाश जोशी, पुष्कर सिंह मेहता, निक्की बाल्मीकि, राजेंद्र सिंह बिष्ट, बालम सिंह नेगी, पूनम, गोदा देवी, ऋषिपाल सिंह, हरिमोहन गुप्ता, आजाद अली आदि शामिल थे।