कार्यकर्ताओं को बूथ् मैनेजमेंट का प्रशिक्षण देते पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजू भंडारी।
- फोटो : अमर उजाला
रविवार को यहां भाजपा ने जिले का त्रिशक्ति सम्मेलन आयोजित कर बूथ इकाईयों के पदाधिकारियों को बूथों पर चुनावी मैनेजमेंट का प्रशिक्षण दिया। सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष राजू भंडारी ने बूथ अध्यक्षों, बूथ पालकों और बूथ लेवल सहायकों से मतदाताओं के बीच पार्टी की उपलब्धियां गिनाकर रिझाने और योजनाबद्ध तरीके से काम करने को कहा।
उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष, पालक और लेवल सहायक त्रिशक्ति बनकर पार्टी के लिए पूरी निष्ठा से काम करें।
जंग बहादुर चंद सरस्वती शिशु मंदिर में आयोजित हुए सम्मेलन में क्षेत्रीय सांसद, केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्व में देश को मजबूती से उभारा। गरीबों के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की है। उन्होंने कहा कि चंपावत जिले में भी विकास के कई नए आयाम स्थापित किए गए हैं। बड़ी रेल लाइन का निर्माण, टनकपुर से लंबी दूरी की एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारंभ जैसे जिले में कई ऐसे काम किए हैं, जो जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होंगे।
विधायक कैलाश गहतोड़ी ने कहा कि भाजपा के पास विश्व का सबसे लोकप्रिय नेता है और विपक्षी दलों के पास इसका कोई विकल्प नहीं है। देश की जनता एक बार फिर नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाना चाह रही है, लेकिन कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव में पूरी निष्ठा के साथ कार्य करना होगा। संचालन जिला महामंत्री दीपक रजवार ने किया।
सम्मेलन में जिले की प्रभारी राजकुमारी गिरी, जिलाध्यक्ष राम दत्त जोशी, पूर्व दर्जा राज्यमंत्री शिवराज सिंह कठायत, प्रदेश कार्य समिति सदस्य हेमा जोशी के अलावा पार्टी के सभी मंडलों के बूथ अध्यक्ष, पालक, लेवल सहायक और पार्टी पदाधिकारी मौजूद थे।