चंपावत में गोरलचौड़ मैदान के समीप इस स्थान पर प्रस्तावित की गई है पार्किंग।
- फोटो : CHAMPAWAT
जिला बनने के 22 साल बाद भी जिला मुख्यालय चंपावत में एक भी पार्किंग स्थल नहीं है लेकिन अब इस स्थिति में जल्द बदलाव आ सकता है। नगर पालिका ने तिमंजिली पार्किंग पार्किंग का प्रस्ताव भेजा है। गोरलचौड़ मैदान के पास बरातघर के नजदीक की जमीन पर यह पार्किंग प्रस्तावित की गई है।
पालिका के अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार ने बताया कि पार्किंग की समस्या से निपटने के लिए पालिका ने डीएम के निर्देश पर पार्किंग स्थल का प्रस्ताव बनाया है। दो करोड़ 13 लाख रुपये की लागत से तीन मंजिल पार्किंग का प्रस्ताव तैयार किया गया है।
इसके बनने से पार्किंग की समस्या पर काफी हद तक काबू पाया जा सकेगा। पार्किंग स्थल नहीं होने से लोगों को समस्या हो रही है। चंपावत के मोटर स्टेशन रोड में अक्सर वाहनों की भीड़ रहती है जिस कारण सामान्य यातायात बाधित होने के साथ तमाम नागरिकों को परेशानी झेलनी पड़ती है। नगरपालिका का कहना है कि पार्किंग बनने से इन दिक्कतों से निजात मिल सकेगी।
स्मार्ट पार्किंग का भी है प्रस्ताव
चंपावत। चंपावत पर्यटक आवास गृह परिसर और पर्यटन कार्यालय की खाली पड़ी जमीन में पर्यटकों के लिए स्मार्ट पार्किंग और क्रांफ्रेंस हॉल का निर्माण कराने का प्रस्ताव भी है। इसके लिए पर्यटन विभाग ने इस साल के शुरू में प्रदेश शासन को प्रस्ताव भेजा है। स्मार्ट पार्किंग की सारी व्यवस्थाएं डिजिटल होंगी। जिला पर्यटन अधिकारी लता बिष्ट का कहना है कि टीआरएच परिसर में भूतल में कांफ्रेंस हाल और ऊपरी मंजिल में 15 कारों की क्षमता वाली स्मार्ट पार्किंग बनाई जाएगी।