इंटरनेट सेवा बाधित होने से चंपावत पोस्ट आफिस में पसरा सन्नाटा।
- फोटो : अमर उजाला
चंपावत के मुख्य डाकघर में दो दिनों से काम ठप है। यहां लोग आ रहे हैं और मायूस लौट रहे हैं। इसकी वजह डाकघर का इंटरनेट सेवा बाधित होना है। इसके चलते डाकघर का करीब 50 लाख रुपये का कारोबार प्रभावित हुआ है। इंटरनेट सेवा बाधित रहने से लोगों को तो परेशानी हुई ही, वहीं डाक कर्मी भी खाली बैठे रहे।
बुधवार से डाकघर में काम में बाधित होने से लोग परेशानी झेल रहे हैं। डाकघर में 27 दिसंबर से किसी भी तरह की बचत राशि जमा व निकासी नहीं हो सकी है। राष्ट्रीय बचत पत्र (एनएससी), आवर्ती जमा (आरडी), सुकन्या समृद्धि योजना (एसएसवाई) सहित विभिन्न योजनाओं का काम ठप है। पोस्ट मास्टर जगदीश पांडेय का कहना है कि डाकघर में दो दिनों से सभी ऑनलाइन कामकाज प्रभावित है।
पार्सल व रजिस्ट्री को छोड़ अन्य कोई काम नहीं हो पा रहे हैं। औसतन रोजाना 10 लाख रुपये की निकासी व करीब 15 लाख रुपये जमा होते हैं। उनका कहना है कि शुक्रवार को इंटरनेट ठीक होने पर पहले पुरानी फीडिंग की जाएगी।
ओएफसी ठीक होने में लग गए दो दिन
चंपावत। उत्तराखंड परिवहन निगम के चंपावत में बन रहे बस स्टेशन में काम के दौरान बुधवार को भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) की ऑप्टीकल फाइबर केबिल (ओएफसी) कट गई। इसके चलते डाकघर सहित स्टेशन के आसपास के करीब 200 संयोजन ठप हो गए। अपरान्ह बाद इस लाइन को ठीक कराया जा सका। बीएसएनएल के चंपावत के जूनियर तकनीकी अधिकारी (जेटीओ) राजीव परमार ने बताया कि फोन सेवा बुधवार रात को ठीक कर दी गई थी। जबकि इंटरनेट सेवा को चंपावत के अलावा पिथौरागढ़ से आई निगम की तकनीकी टीम ने बृहस्पतिवार शाम को को ठीक किया। लाइन कटने से बीएसएनएल को भी राजस्व की चपत लगी है। वहीं बारहमासी सड़क के निर्माण में बाराकोट के पास कटी बीएसएनएल की ओएफसी को भी ठीक कर लिया गया है।