मां पूर्णागिरि धाम में उमड़ी श्रद्घालुओं की भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
मां पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। मंगलवार को करीब 35 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन किए। नेपाल से भी काफी संख्या में श्रद्धालु देवी के दर्शन को पहुंच रहे हैं। रात में पड़ावों से आगे बढ़ते श्रद्धालुओं की टोलियों से माहौल भक्तिमय बना है।
मेला मजिस्ट्रेट/एसडीएम अनिल चन्याल एवं सीओ आरएस रौतेला ने भैरव मंदिर तक दौरा कर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जिला पंचायत को ठुलीगाड़ भंडारा स्थल पर स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इस बीच टुन्यास, काली मंदिर, सिद्धमोड़ आदि मेला क्षेत्र में पानी के गहराते संकट को लेकर धर्मशाला संचालक खासे चिंतित हैं। उन्होंने पानी की समस्या की ओर ध्यान न दिए जाने पर स्थिति बिगड़ने की आशंका जताई है।
बच्चों का मुंडन संस्कार करा रहे श्रद्धालु
मां पूर्णागिरि धाम में बच्चों के मुंडन संस्कार के लिए भी श्रद्धालु काफी संख्या में आते हैं। पूर्णागिरि धाम के साथ ही शहर के शारदा स्नानघाट पर भी श्रद्धालु अपने बच्चों का विधि-विधान से मुंडन संस्कार करा रहे हैं। मंगलवार को भी शारदा घाट पर खासी संख्या में श्रद्धालुओं ने बच्चों का मुंडन संस्कार कराया।