अवर अभियंता के स्थानांतरण को लेकर प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
पालिका परिषद में तैनात अवर अभियंता के स्थानांतरण को लेकर सभासदों और ठेकेदारों ने पालिका कार्यालय में प्रदर्शन किया। शुक्रवार को अवर अभियंता लक्ष्मण सिंह बोहरा पर कार्यों में रूचि न लेने और जबरन सुविधा शुल्क लेने का आरोप लगाते हुए सभासदों और ठेकेदारों ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। बाद में उन्होंने डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज कर तत्काल संबंधित अवर अभियंता के स्थानांतरण की मांग उठाई।
सभासदों और ठेकेदारों का कहना था कि अवर अभियंता के पूर्व में कराए गए कार्यों में भी अनियमितताएं पाई गई हैं। जिससे जनता और सभासदों में रोष है। अवर अभियंता पालिका के अंतर्गत कार्य करने वाले ठेकेदारों से जबरन सुविधा शुल्क वसूला जाता है। वार्ड के कार्यों के बोर्ड प्रस्ताव को रोकने की कोशिश की जाती है। यही नहीं सभासदों को अपने सरकारी तंत्र से धमकाया जाता है। आरोप लगाया कि ठेकेदार नीरज तड़ागी की दो लाख से अधिक की धनराशि अवर अभियंता ने छह माह से अपने पास रखी है।
ठेकेदार से दस प्रतिशत कमीशन की मांग उठाई गई है। अन्य ठेकेदारों और सभासदों से भी कमीशन की मांग की जा रही है। प्रदर्शनकारियों में ठेकेदार नीरज सिंह तड़ागी, सुंदर सिंह बोहरा, एनडी जोशी, ललित बोहरा, रमेश सिंह, दिनेश महराना, अजय प्रहरी तथा सभासद प्रकाश नाथ, दीपक तड़ागी, नंदन सिंह, गिरीश चंद्र पांडेय, कलावती देवी, शकुंतला गोस्वामी आदि शामिल रहे।