आपरेशन स्माइल टीम ने लापता दो बच्चों को खोजने में कामयाबी हासिल की है। दोनों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। सीओ जीएल कोहली ने बताया कि धारचूला तहसील के पांगू निवासी आशुतोष वर्मा का 16 वर्षीय बेटा हिमांशु वर्ष 2011 में घर से गायब हो गया था। परिजनों ने इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। ऑपरेशन स्माइल टीम के उपनिरीक्षक विपिन चंद्र पांडे और कांस्टेबल मुन्ना सिंह ने करीब एक महीने की खोजबीन के बाद इस बच्चे को हरियाणा के हिसार जिला अंतर्गत आर्यनगर से बरामद कर लिया। वहां पर गुलाब सिंह जाखड़ नाम के व्यक्ति के माध्यम से इस बच्चे के बारे में जानकारी हासिल हुई। बताया गया है कि हिमांशु ने घर से जाने के बाद अपने पिता को फोन कर कहा था कि वह हिसार पहुंच गया है और छोटा मोटा काम कर रहा है।
दूसरे बच्चे को आपरेशन स्माइल की टीम ने यूपी के बिजनौर से बरामद किया। कोतवाली क्षेत्र के भुरमुनी गांव निवासी शमशेर सिंह का 16 वर्षीय बेटा गौरव 24 अक्तूबर को घर से भागकर बिजनौर पहुंच गया। बिजनौर से उसने अपने पिता को फोन किया। इसी सूचना पर टीम ने इस बच्चे को बिजनौर के भागुवाला क्षेत्र से बरामद कर लिया।