लोहाघाट में वन वे ट्रैफिक लागू होने के बाद गलत दिशा में जा रहे वाहनों को रोकते पुलिस कर्मी। संव
लोहाघाट (चंपावत)। पुलिस प्रशासन की पहल पर नगर में स्कूल खुलने और बंद होते समय वन वे-ट्रैफिक व्यवस्था लागू हो गई है। वन वे-ट्रैफिक लागू होने के बाद अभिभावकों और बच्चों को आवाजाही में राहत मिलने लगी है।
प्रभारी थानाध्यक्ष एसएसआई भुवन राम आर्या, यातायात निरीक्षक हयात सिंह, यातायात उप निरीक्षक भुवन कोहली ने बताया कि एसपी अजय गणपति के निर्देश पर बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए मंगलवार से नगर में वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था शुरू कर दी गई है। इसके तहत हर चौराहे पर पुलिस कर्मचारी तैनात किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सुबह 06:30 से 08:00 बजे तक और दोपहर 12:00 से 2.00 बजे तक वन-वे व्यवस्था को लागू रहेगी।
उन्होंने बताया कि चौपहिया वाहनों को वीर कालू सिंह माहरा चौक से मीना बाजार होते हुए जयंती भवन की ओर भेजा जा रहा है। जयंती भवन से मीना बाजार और वीर कालू सिंह माहरा चौक तक कोई भी चारपहिया वाहन नहीं चलेगा। सभी वाहन जयंती भवन से पंचेश्वर तिराहा होते हुए मुख्य बाजार में प्रवेश कर रहे हैं। दोपहिया वाहनों के लिए कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा। उन्होंने बताया कि पहले दिन वाहन चालकों को रोककर जानकारी दे दी गई है। बुधवार से नियम का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मालवाहक वाहनों को सामान उतारने-चढ़ाने के लिए दोपहर दो के बजे बाद का समय दिया गया है।