टनकपुर में बरामद चीड़ प्रजाति की गुलिया चिप्स। फोटो: पुलिस
टनकपुर (चंपावत)। भारी बारिश में शारदा नदी के उफान में बेशकीमती चीड़ की लकड़ी के गिल्टे पहाड़ों से बहकर आ रहे हैं। इसे कुछ लोग अवैध तरीके से बेच रहे हैं। शारदा वन रेंज और पुलिस की टीम ने शारदा घाट क्षेत्र में एकत्र चार बोरों से एक क्विंटल से अधिक गुलिया चिप्स (गिल्टों के छोटे टुकड़े) बरामद किए। वन विभाग ने माल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
शनिवार को वन विभाग के शारदा रेंज के रेंजर सुनील शर्मा, मनिहारगोठ पुलिस चौकी के इंचार्ज तेज कुमार के नेतृत्व में टीम ने शारदा घाट और बैराज क्षेत्र में जगह-जगह छापा मारा। इस दौरान चीड़ के गुलिया चिप्स बरामद हुए। रेंजर ने बताया कि यह लकड़ी नदी में बहकर आई है। इसका उपयोग दवा और हवन सामग्री में होता है। इसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब एक लाख रुपये से अधिक कीमत है। उन्होंने बताया कि गुलिया चिप्स को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। संवाद