लोहाघाट से जिला अस्पताल में इलाज के लिए आए युवक की बुधवार दोपहर जिला अस्पताल के पास हाईवे पर तेज रफ्तार से आ रहे ईंधन के टैंकर के पिछले हिस्से से टक्कर लगने से मौत हो गई।
ग्राम चैमल्ला, लोहाघाट निवासी युवक रोशन सिंह फर्त्याल (42) पुत्र छत्तर सिंह अपने चाचा राजेंद्र सिंह और दरबान सिंह के साथ ऑल्टो (यूके03 टीए0855) से जिला अस्पताल में हाथ की चोट दिखाने आया था। युवक के हाथ में प्लास्टर बंधा था।
प्लास्टर कब तक कटेगा, यह जानने के लिए वह जिला अस्पताल आया था। उसके चाचा राजेंद्र सिंह सड़क के किनारे गाड़ी खड़ी कर अपने भाई दरबान के साथ डाक्टर से मिलने के लिए अस्पताल में चले गए थे। किशोर भी गाड़ी से उतरकर अस्पताल की ओर जाने लगा।
उसी समय चंपावत से टनकपुर की ओर जा रहे तेल के टैंकर (यूके04 8367) के पिछले हिस्से से टक्कर लगने के कारण वह अचेत होकर गिर गया। आस पास के लोग और उसके चाचा उसे जिला अस्पताल ले गए लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने टैंकर को कब्जे में लेकर टैंकर चालक नवीन भट्ट को भी सुरक्षा की दृष्टि से कोतवाली पहुंचा दिया। रोशन सिंह के दो बच्चे हैं। खबर लिखे जाने तक कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई थी।