अमर उजाला ब्यूरो, चंपावत। चंपावत जिले में लगातार चौथे दिन कोरोना पॉजिटिव मिला है। गुरुग्राम से आए युवक की रविवार को कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आई है। इसी के साथ जिले में अब 46 लोग कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। रविवार को दूसरी रिपोर्ट निगेटिव आई। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि पॉजिटिव आए युवक को जिला अस्पताल के कोविड सेंटर में आइसोलेट किया गया है।
पॉजिटिव आया युवक चंपावत नगर क्षेत्र के एक मुहल्ले का रहने वाला है। 24 साल का यह युवक 21 मई को गुरुग्राम से आया था और इस वक्त यहां संस्थागत क्वारंटीन था। डॉ. मनीष बिष्ट ने बताया कि इस युवक में बुखार के लक्षण थे। स्वास्थ्य विभाग के जिला नियंत्रण कक्ष के प्रभारी गौरव पांडेय ने बताया कि चंपावत जिले में 723 सैंपलों में से अब 46 पॉजिटिव और 659 लोग निगेटिव है। 18 लोगों की रिपोर्ट आना बाकी है। 46 पॉजिटिव में से 10 ठीक हो चुके हैं। एक की मौत हुई है। इसके अलावा 16 कोरोना पॉजिटिव को सोमवार को जिला अस्पताल से छुट्टी मिलेगी।