आईटीबीपी में वन मिनट फर्स्ट-एड प्रतियोगिता शुरू
- फोटो : अमर उजाला
लोहाघाट (चंपावत)। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) की 36 वाहिनी लोहाघाट में सीमांत स्तर की वन मिनट फर्स्ट-एड ड्रिल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर हिमवीरों ने मार्चपास्ट किया। प्रतियोगिता में 11 वाहिनियों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
मंगलवार को आईटीबीपी के प्रांगण में हुई प्रतियोगिता का शुभारंभ कमांडेंट आनंद सिंह यर्सो ने किया। कहा कि फर्स्ट-एड कैजुअल्टी एविगेशन रोल एक ऐसी ड्रिल है, जिसमें मरीज या घायल व्यक्ति को प्राथमिक इलाज देकर जिंदगी बचाई जा सकती है। नक्सलवादी एरिया, सीमा, आपदा आदि जगहों पर अर्द्धसुरक्षा बल सेवा देते हैं।
कमांडेंट ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मकसद बल के घायल जवानों को तुरंत इलाज करने के बाद सुरक्षित स्थान पर त्वरित गति से पहुंचाना है। ताकि घायल कर्मी का जल्द इलाज किया जा सके। प्रतियोगिता में मेजबान वाहिनी समेत तृतीय वाहिनी बरेली, सप्तम वाहिनी मिर्थी, 11वीं वाहिनी पैंगोंग, 13वीं सिक्किम, 12वीं पिथौरागढ़, 28वीं रेवाड़ी, 32वीं कानपुर, 34वीं हल्दूचौड़, 24वीं जोधपुर, 48वीं कटिहार बिहार हिस्सा ले रही हैं। इस दौरान द्वितीय कमान भानुप्रताप सिंह समेत तमाम अधिकारी और हिमवीर मौजूद रहे।