टनकपुर (चंपावत)। किरोड़ा नाले से अवैध खनन के मामले की जांच पूरी हो गई है। तहसीलदार खुशबू पांडेय और कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने जांच रिपोर्ट एसडीएम दयानंद सरस्वती को सौंप दी है, जिसमें एक जेसीबी और दो डंपरों के अवैध खनन में लिप्त होने की पुष्टि हुई है। वाहन मालिकों की पहचान के लिए जेसीबी और डंपरों के नंबर एआरटीओ कार्यालय भेजे गए हैं। इसके बाद आरोपियों के खिलाफ अवैध खनन एक्ट में कार्रवाई होगी।
27 जून को सोशल मीडिया में विडियो वायरल होने के बाद किरोड़ा में जेसीबी से अवैध खनन का भंडाफोड़ हुआ हुआ था। वायरल विडियो का संज्ञान लेते हुए एसडीएम दयानंद सरस्वती ने तहसीलदार और कोतवाल को मामले की जांच के आदेश दिए थे।
एसडीएम ने बताया कि जांच रिपोर्ट में अवैध खनन में लिप्त एक जेसीबी और दो डंपरों के नंबर सामने आए हैं। मालिकों का पता लगाने के लिए एआरटीओ को वाहनों के नंबर भेजकर रिपोर्ट मांगी गई है। एआरटीओ की रिपोर्ट से वाहन मालिकों का पता चलते ही उनके खिलाफ विधिवत कार्रवाई कर जुर्माना वसूला जाएगा।