अज्ञात साधु के हमले से घायल चंपावत वन प्रभाग के बूम रेंज का वन कर्मी अमर सिंह।
- फोटो : TANAKPUR
वन भूमि पर झाला बनाने के लिए मना करने पर साधु ने वनकर्मी पर हमला कर दिया। सिर पर लोहे का चिमटा मारने से वह लहूलुहान हो गया। गंभीर हालत में उसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। वन विभाग की ओर से अज्ञात साधु के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी गई है।
चंपावत वन प्रभाग के बूम रेंज के चूका कंपार्टमेंट में एक साधु आरक्षित वन भूमि में झाला बना रहा था। पता चलने पर शुक्रवार सुबह वन वीट आरक्षी अमर सिंह (56) ने साधु को झाला बनाने से रोका, जिससे गुस्साए साधु ने वन वीट आरक्षी पर पीछे से लोहे के चिमटे से सिर पर हमला कर दिया। हमले के बाद साधु मौके से फरार हो गया। वहां मौजूद लोगों ने घायल वन कर्मी को फौरन संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया।
चिकित्साधिकारी डॉ. आफताब अंसारी ने बताया कि वन कर्मी के सिर में गंभीर चोट है। सीटी स्केन कराने के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है। इधर, बूम रेंज के रेंजर आनंद बल्लभ पाठक ने बताया कि आरोपी साधु के खिलाफ टनकपुर कोतवाली में तहरीर दी गई है। कोतवाल धीरेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की जांच के साथ ही फरार साधु को तलाशा जा रहा है।