टनकपुर (चंपावत)। लायंस क्लब क्लब की ओर से रविवार से तीन दिनी 24वें लायंस दीपावली मेला शुरू हो गया है। पहले दिन पांच से 15 वर्ष तक के बच्चों की डांस प्रतियोगिता हुई। बच्चों की प्रतिभा को दर्शकों ने खूब सराहा।
नगर के गांधी मैदान में मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष एडवोकेट विपिन कुमार वर्मा ने दीप जलाकर मेले का शुभारंभ किया। रोली मेहरोत्रा ने ध्वज वंदना और क्लब अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान निवर्तमान अध्यक्ष वैभव अग्रवाल ने मुख्य अतिथि को पटका पहनाकर और अध्यक्ष अनुराग अग्रवाल ने स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
मेले के डायरेक्टर रचित मेहरोत्रा और सचिव लायन गौरव अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य कलाकारों को मंच प्रदान करना है। इस दौरान मीडिया कर्मी, व्यापार मंडल पदाधिकारी, पालिका सभासद आदि लोगों को सम्मानित भी किया गया। निर्णायक मंडल में शुभी शर्मा, गौतम रावत व सचिन विश्वकर्मा रहे। संचालन विनय अग्रवाल व नरेश अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में गौरव अग्रवाल, पुनीत शारदा, अर्पित शर्मा आदि सहयोग कर रहे हैं।