टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि मेले में दूसरे दिन देश विभिन्न क्षेत्रों बड़ी संख्या में श्रद्धालु देवी के दर्शन को पहुंचे। बृहस्पतिवार को करीब 25 हजार श्रद्धालुओं ने देवी मां के दर्शन किए। इधर मेले की पहली ही रात बिजली व्यवस्था दगा दे गई। मेला क्षेत्र में एक ओर जहां बिजली पूरी रात आंख मिचौली करती रही, वहीं ठेके में दी गई वैकल्पिक पथ प्रकाश की व्यवस्था भी कई घंटे तक बाधित रहने से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पूर्णागिरि मेले में 24 घंटे से श्रद्धालुओं की आवाजाही का क्रम लगातार जारी है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे है। बुधवार को हुए मेले के उद्घाटन के मौके पर प्रशासन मेले की व्यवस्थाएं चाक-चौबंद होने का दावा कर रहा था, लेकिन मेले की पहली ही रात बिजली व्यवस्था ने दावे की पोल खोल दी। मंदिर समिति कोषाध्यक्ष कैलाश पांडेय ने बताया कि बुधवार की रात भर आंख मिचौली करती रही। ठेके में दी गई वैकल्पिक पथ प्रकाश की व्यवस्था भी घंटों तक बाधित रहने से ज्यादातर मेला क्षेत्र में अंधकार छाया रहा।
उन्होंने बताया कि हुनमान चट्टी से मेला क्षेत्र के एक किमी के दायरे में वैकल्पिक पथ प्रकाश व्यवस्था पूरी रात ठप रही। विद्युत विभाग के जेई एके श्रीवास्तव ने बताया कि लाइन में लोड अधिक होने से ट्रांसफार्मर का फ्यूज बार उड़ने से समस्या पैदा हुई, लेकिन अब व्यवस्था ठीक कर दी गई है।
भैरव मंदिर स्टैंड में टैक्सी में बैठने को लगानी पड़ी लाइन
ठुलीगाड़-भैरव मंदिर मार्ग में सुबह के वक्त टैक्सी गाड़ियों की कमी से यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। दर्शन कर लौटते यात्रियों को टैक्सी में बैठने के लिए भैरव स्टैंड पर घंटों लाइन में खड़े रहकर प्रतीक्षा करनी पड़ी।
टनकपुर स्नानाघाट में वस्त्र चेंजिंग रूम की व्यवस्था नहीं
मेले के उद्घाटन से पहले नगर क्षेत्र में व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का दावा करने वाला नगर पालिका प्रशासन स्नानघाट में अब तक न तो महिलाओं के लिए अस्थायी वस्त्र चेंजिंग रूम बना पाया है और न ही बिजली की व्यवस्था मुहैया कराई है। प्रभारी ईओ डॉ. डीके शर्मा का कहना है कि मेले को लेकर हुई बैठक में शारदा की धारा स्नानघाट की ओर मोड़ने की बात तय हुई थी, जिससे अस्थायी चेंजिंग रूम की जरूरत नहीं पड़ती। लेकिन धारा मोड़ी नहीं जा सकी है तो अस्थायी चेंजिंग रूम बनाने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। शुक्रवार तक चेंजिंग रूम की व्यवस्था कर दी जाएगी।
डॉक्टरों की टीम ने कोरोना के प्रति किया जागरूक
टनकपुर। पूर्णागिरि मेले के मद्देनजर श्रीनगर और सुशीला तिवारी मेडिकल कॉलेज से आई डॉक्टरों की टीम ने एसीएमओ डॉ. एचएस हयांकी के नेतृत्व में मेला क्षेत्र में यात्रियों को कोरोना वायरस के प्रति जागरूक किया। पूर्णागिरि धाम के ठुलीगाड़ प्रवेश द्वार पर तैनात डॉक्टरों की टीम ने लोगों इससे बचने के उपायों के बारे में बताया। उन्होंने यात्रियों को घर से बाहर और सार्वजनिक स्थलों पर बगैर मास्क यात्रा न करने की सलाह दी। संवाद