चंपावत। अब पुराने और खराब पड़े टायर करेंगे क्रश बैरियर का काम। इससे सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में मदद मिलेगी। पालिका की ओर से अनुपयोगी वस्तुओं को दोबारा उपयोग में लाया जा रहा है। वेस्ट टू वंडर थीम पर आधारित इस पहल से खराब पड़ी सामग्रियों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पालिका ने आम लोगों से भी अनुपयोगी टायरों को फेंकने के बजाय पालिका को देने की अपील की है।
नगर पालिका ने गोल्ज्यू मंदिर के लिए जाने वाले मार्ग के पास बनीं मल्टीस्टोरी पार्किंग के किनारे पुराने और खराब पड़े टायराें को क्रश बैरियर के रूप लगाना शुरू कर दिया है। इसका उद्देश्य व्यापक जनजागरूकता के साथ के संसाधनों का समुचित उपयोग करना है।
विज्ञापन
पालिका के ईओ भरत त्रिपाठी ने बताया कि इस पहल से सड़क सुरक्षा के साथ ही नगर की सुंदरता को भी बढ़ावा मिलेगा। पहले चरण में मल्टीस्टोरी पार्किंग के किनारे पुराने टायरों से क्रश बैरियर बनाए जा रहे हैं। अन्य जरूरी स्थानों को चिह्नित कर टायरों का उपयोग वहां भी क्रश बैरियर के रूप में किया जाएगा।
कोट
नगर पालिका की ओर से पर्यावरण संरक्षण और कचरा प्रबंधन के लिए वेस्ट टू वंडर की थीम पर इस पहल की शुरुआत की गई है। इससे सड़क सुरक्षा को बढ़ावा मिलने के साथ ही नगर का विकास और सुंदरता को भी बढ़ावा मिलेगा। - प्रेमा पांडेय, पालिकाध्यक्ष, चंपावत