चंपावत। दुधपोखरा क्षेत्र में मानसिक रूप से परेशान एक बुजुर्ग ने अपने ही बेटे पर देर रात लाइसेंसी बंदूक से फायर कर दिया। पांव और हाथ में छर्रे लगने से बेटा घायल हो गया। परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और घटना की जानकारी परिजनों ने पुलिस को दे दी थी।
पुलिस के अनुसार आन गिरि (75) एक सप्ताह से मानसिक रूप से परेशान चल रहे हैं। सोमवार देर शाम खाना खाने के बाद वह अपनी लाइसेंसी बंदूक लेकर घर से बाहर निकले। तभी अचानक उन्हें लगा कि उन्हें कोई मारने के लिए पिस्टल लेकर आगे बढ़ रहा है।
बचाव में उन्होंने बंदूक से फायर कर दिया जिसके छर्रे बेटे नरेश को लग गए। परिजनों ने बताया कि वह कुछ समय से बहकी बहकी बातें कर रहे हैं। तीन दिन पहले वह पिता को दिखाने खटीमा ले जा रहे थे, तब उन्होंने चलती कार का दरवाजा खोल दिया था। इसके बाद में वह उन्हें वापस ले आए। कोतवाल पीएस नेगी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद