धौन के पास सेवायोजन विभाग के वाहन से तरह कुचली एक महिला ने हल्द्वानी अस्पताल ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ा। वहीं, आरोपी वाहन के ड्राइवर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
सोमवार सुबह करीब 9 बजे धौन के पास नायल गांव की निवासी हेमा देवी (38) पत्नी नारायण दत्त सेवायोजन विभाग की जीप (यूके 03जीए /0015) की चपेट में आ गई थी। जीप महिला को कुछ दूर तक घसीटते ले गया। बुरी तरह से लहूलुहान महिला को बजौन के ग्राम प्रधान भुवन भट्ट और मझेड़ा के प्रधान डिगर देव भट्ट तत्काल जिला अस्पताल लाए। प्राथमिक इलाज के बाद महिला को 108 वाहन से हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया। सितारगंज के पास महिला की मौत हो गई। मुख्य चिकित्साधीक्षक डॉ.आरके जोशी ने बताया कि मंगलवार शव को पोस्टमार्टम किया जाएगा।
कोतवाल एचएस फिरमाल ने बताया कि आरोपी वाहन के ड्राइवर खिलानंद भट्ट के खिलाफ धारा 279 और 304 ए के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी चालक पुलिस गिरफ्त में है। वहीं वाहन को भी जब्त किया गया है। महिला का पति नारायण दत्त विकलांग है और गांव में ही छोटी सी दुकान चलाते है।