शारदा खनन क्षेत्र का निरीक्षण करते हल्द्वानी वन प्रभाग के डीएफओ डा. चंद्रशेखर सनवाल।
- फोटो : अमर उजाला
प्रशासन के छापे में अवैध खनिज भंडारों के खुलासे के बाद हल्द्वानी वन प्रभाग के डीएफओ डॉ. चंद्रशेखर सनवाल ने शारदा खनन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को अवैध खनन पर सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। डीएफओ ने खनन प्रभारी को हर हाल खनिज निकासी का लक्ष्य पूरा करने, खनन क्षेत्र में क्षतिग्रस्त सीमांकन स्तंभों को पुन: स्थापित करने, जेसीबी से गड्डे खुदवाकर चोर रास्तों को बंद करने के लिए निर्देशित किया।
उल्लेखनीय है कि बृहस्पतिवार को प्रशासन की अचानक हुई छापामार कार्रवाई में शारदा खनन की आड़ में सात स्टाकों में अवैध खनिज मिलने के बाद स्टाकों को सीज कर साढ़े अट्ठारह लाख ज्यादा जुर्माना लगाया है। अवैध खनिज भंडारण के मामले को वन विभाग ने भी गंभीरता से लिया है। शुक्रवार को हल्द्वानी वन प्रभाग के डीएफओ डॉ. सनवाल ने अधीनस्थ वन अधिकारियों के साथ शारदा के अप व डाउन स्ट्रीम खनन क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर खनिज निकासी की व्यवस्था देखी। उन्होंने खनन प्रभारी हरीश पाल से अब तक हुई खनिज निकासी की जानकारी ली। कहा कि 6 लाख 30 हजार घन मीटर खनिज निकासी का लक्ष्य हर हाल पूरा होना चाहिए।
डीएफओ ने अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश के साथ ही इसमें किसी अधिकारी व कर्मचारी की लिप्तता सामने आने पर कड़ी कार्रवाई की हिदायत दी। अवैध खनन पर अंकुश को विभाग की निगरानी टीम गठित करने को कहा है। खनन कारोबारी व शक्तिमान ट्रक मालिकों ने डीएफओ का खनिज निकासी से जुड़ी समस्याओं से अवगत कराते हुए कहा कि ई-रवन्ना देर से जारी होने व निकासी गेटों पर एक-एक ही तौल कांटा होने से परेशानी हो रही है। उन्होंने निकासी गेटों पर एक और कांटा लगाने की मांग की। इस मौके पर शारदा रेंज के एसडीएओ राजेश श्रीवास्तव, रेंजर गोविंद सिंह रजवार, वन दरोगा मुनीष राणा, राकेश साह आदि मौजूद थे।
हाथी के गांवों में प्रवेश रोकने को लगेगी सोलर फेंसिंग: डीएफओ
टनकपुर। डीएफओ डा. चंद्रशेखर सनवाल ने जिम कार्बेट रामनगर से आए वन्यजीव विशेषज्ञ डा. एसपी गुलेरिया समेत अन्य अधिकारियों के साथ गांवों में हाथियों का प्रवेश रोकने की रणनीति पर भी विचार-मंथन किया। डीएफओ ने बताया कि फिलहाल हाथी का आतंक रोकने को उऩ स्थानों पर सोलर फेंसिंग लगाने पर विचार किया जा रहा है, जहां से हाथी गांवों में प्रवेश कर रहे हैं। इस मौके पर एसडीएम अनिल चन्याल, एसडीओ राजेश श्रीवास्तव, वन क्षेत्राधिकारी गोविंद सिंह रजवार समेत अन्य वन अधिकारी मौजूद थे।