यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग को थानाध्यक्ष मनीष खत्री को ज्ञापन देते सभासद राजकिशोर साह और ?
- फोटो : LOHAGHAT
लोहाघाट (चंपावत)। नगर में सड़क के किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहनों के कारण रोजाना जाम लगने की समस्या से परेशान लोगों ने थानाध्यक्ष मनीष खत्री को ज्ञापन देकर यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठाई।
शुक्रवार को नगर पंचायत सभासद राज किशोर साह के नेतृत्व में लोगों ने थानाध्यक्ष को बताया कि नगर का मीना बाजार चौराहा, गांधी चौक, अस्पताल जाने वाले मुख्य मार्ग और सभी स्कूलों को जाने वाले मार्गों पर वाहनों के आड़े-तिरछे खड़े होने के कारण रोजाना जाम और लोगों को चलने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि स्कूल खुलने के बाद सुबह गांधी चौक से लेकर मीना बाजार चौराहे पर पैदल चलना मुश्किल हो गया है। उन्होंने बताया कि यही हाल अस्पताल जाने वाली सड़क पर भी बना हुआ है। व्यापारी कमल वर्मा आदि ने कहा कि उन्होंने कई बार प्रशासन और नगर पंचायत से वाहनों को खड़ा करने वैकल्पिक व्यवस्था बनाने के लिए कह दिया है। लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर सभासद दीपक साह, सभासद भुवन बहादुर, सुंदर लुंठी आदि मौजूद रहे।