जिला मुख्यालय में बृहस्पतिवार को ओ नंदा सुनंदा तू दैण है जाए की मधुर धुन के बीच मां नंदा सुनंदा महोत्सव में डोला यात्रा निकाली गई। इससे पूर्व बालेश्वर महादेव मंदिर में देवडांगरों ने अवतरित होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। बाद में नंदा सुनंदा की मूर्तियों को विसर्जित किया गया। इससे पूर्व धार्मिक अनुष्ठान संपन्न हुए। शुक्रवार को भंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा।
बृहस्पतिवार को बालेश्वर मंदिर में पंडित गिरीश कलौनी, दीपक कुलेठा, विनोद पांडेय और हरीश जोशी ने मंडल पूजन, हवन और पूर्णाहुति आदि धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए। यजमान देवीलाछल वर्मा, मुन्ना साल साह, एनडी गड़कोटी, सुधीर साह, शंकर नाथ रावल थे। अपरान्ह में देव डांगर देवी लाल वर्मा, हरीश पांडेय, विवेकानंद बिष्ट, प्रेमा वर्मा, तारा देवी, शांति पटवा, रीता तड़ागी, गीतावर्मा और सौरभ पटवा आदि ने अवतरित होकर कर लोगों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद मां नंदा सुनंदा की भव्य डोलायात्रा निकाली गई।
बालेश्वर मंदिर से शुरू डोलायात्रा तल्लीहाट, भैरवा, मादली, जीआईसी चौक, मोटर स्टेशन, ज्ञाली सेरान होते हुए बालेश्वर मंदिर पहुंची। जहां पर नंदा सुनंदा की मूर्तियों का विसर्जन किया गया। नंदाष्टमी मेला अध्यक्ष शंकर पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को भंडारे के साथ महोत्सव का समापन होगा। अशोक वर्मा के संचालन में हुए आयोजन में सचिव विकास साह, उपाध्यक्ष विजय वर्मा, नरेश जोशी, जगदीश गिरी, भैरव गिरी, मुक्तेश वर्मा, अजय पुनेठा, गणेश महराना, रितेश राय, भगवत चौधरी, दीपक तड़ागी, जगदीश किरौला ने सहयोग दिया।