चंपावत जिला अस्पताल में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ इलाज करते डाँक्टर।
- फोटो : AMAR UJALA
अमर उजाला ब्यूरो
चंपावत। चंपावत जिले के 12 और लोगों को 14 दिन पूरे होने के बाद संस्थागत क्वारंटीन से होम क्वारंटीन शिफ्ट कर दिया गया है। शिफ्ट किए गए इन लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग सहित होम क्वारंटीन के सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की हिदायत दी गई है। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय का कहना है कि होम क्वारंटीन के कारगर अनुपालन के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर गठित टीमें निगरानी कर रही हैं। इसी के साथ बुधवार को जिले में अब होम क्वारंटीन में भेजे गए लोगों की संख्या 3887 हो गई है। वहीं संस्थागत क्वारंटीन में अब सिर्फ 75 लोग हैं। इसके अलावा टनकपुर में एक व्यक्ति को आइसोलेशन में रखा गया है, जबकि चंपावत जिले में बनाए गए दस राहत शिविरों में 577 लोगों को रखा गया है। चंपावत जिले के लिए अच्छी खबर यह है कि सोशल डिस्टेंसिंग और लॉकडाउन के कारगर पालन से अभी तक कोरोना से संक्रमित होने का एक भी मामला सामने नहीं आया है। जिले से भेजी गए सभी 24 सैंपल की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई हैं।
इधर कोविड-19 के रूप में बनाए गए चंपावत के सबसे बड़े जिला अस्पताल में डॉक्टर सोशल डिस्टेंसिंग की सीख दे रहे हैं। सीएमएस डॉ. आरके जोशी ने बताया कि बुखार, खांसी आदि के मरीजों के इलाज करते हुए लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का संदेश भी दिया जा रहा है।