टनकपुर (चंपावत)। पूर्णागिरि तहसील के टनकपुर क्षेत्र में नई नई काॅलोनियां बनने से आबादी भी बढ़ गई है। इस पर पुराने बिजली ट्रांसफार्मरों में अधिक लोड होने से बिजली आपूर्ति सुचारु रखने में विभाग को मशक्कत करनी पड़ रही है। अब विभाग को 14 उच्च क्षमता के नए ट्रांसफार्मर और आठ पुराने ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की स्वीकृति मिल गई है।
यूपीसीएल के एसडीओ मयंक भट्ट ने बताया कि जल्द नए ट्रांसफार्मर लगाने और क्षमता वृद्धि का कार्य शुरु कर दिया जाएगा। राज्य गठन के बाद से जिले के मैदानी क्षेत्र टनकपुर और बनबसा क्षेत्र में नई-नई काॅलोनियां अस्तित्व में आ गई हैं। इससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति करने वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने की आवश्यकता को महसूस किया जा रहा था।
अधिक लोड होने से बिजली आपूर्ति को सुचारु रखना पीक आवर में विभाग को दिक्कत हो रही थी। इस मामले में एसडीओ भट्ट ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर लगाने और कुछ की क्षमता बढ़ाने का प्रस्ताव तैयार किया गया था। अब विभाग की ओर से स्वीकृति मिल गई है, जल्द ही और अधिक बेहतर बिजली आपूर्ति उपभोक्ताओं मिलने लगेगी।