बूम रेंज में पूर्णागिरि मार्ग किनारे पेड़ पर लगाया बोर्ड हटाता वन कर्मी।
- फोटो : TANAKPUR
टनकपुर (चंपावत)। मां पूर्णागिरि धाम मार्ग पर पेड़ों पर कील, बैनर, पोस्टर व पेड़ों को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्री लगाने वालों के खिलाफ वन विभाग कार्रवाई करेगा। विभाग ने टीम ने रविवार को बूम से बाटनागाड़ तक पेड़ों में लगी किल, पोस्टर, बैनर हटाने के साथ ही बैनरों व पोस्टरों में अंकित नाम, पते और मोबाइल नंबरों के आधार पर नोटिस जारी कर जुर्माना करने की कार्रवाई की जा रही है।
बूम रेंज के वन क्षेत्राधिकारी आनंद बल्लभ पाठक की अगुवाई में वन कर्मियों की टीम ने बूम से बाटनागाड़ तक सड़क किनारे के पेड़ों में लगी कीलें, बैनरों, पोस्टरों और बोर्डों को हटाया और नदी, नालों व जंगल में सफाई की। इस दौरान आसपास के ग्रामीणों की बैठक लेकर उन्हें वन संपदा को नुकसान पहुंचाने वाले कार्य न करने के लिए जागरूक किया गया। वन क्षेत्राधिकारी पाठक ने बताया कि मां पूर्णागिरि के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं द्वारा पेड़ों पर लगाए गए बोर्ड, बैनर और पोस्टरों से वन संपदा को नुकसान पहुंचाया गया है। उन्होंने बताया कि बैनर, बोर्डों पर अंकित नाम, पता और मोबाइल नंबर के आधार पर ऐसे करीब छह लोगों को नोटिस जारी किए गए हैं। इस मौके पर उचौलीगोठ प्रधान पूजा महर, पूर्णांगिरि मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय, रविंद्र सिंह, उप प्रधान मनोज पांडेय, सुरेश सिंह, हयात सिंह, दीपक महर समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।