टनकपुर(चंपावत)। दिल्ली जाने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। उत्तराखंड की रोडवेज की बसें आनंद विहार और कश्मीरी गेट तक जाएंगी। दिल्ली सरकार ने उत्तराखंड की बसों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति दे दी है।
कोरोना महामारी के कारण बंद पड़ी रोडवेज की बस सेवा अनलॉक 5 लागू होने के बाद से शुरू कर दी गई थी, लेकिन उत्तराखंड की रोडवेज बसें यूपी बॉर्डर तक ही जा रही थी। दिल्ली सरकार की ओर से अनुमति नहीं मिलने के कारण बसें आनंद विहार और कश्मीरी गेट नहीं जा रही थी, जिस कारण यात्रियों को यूपी सीमा से दिल्ली जाने के लिए दूसरे पकड़कर आगे की यात्रा करनी पड़ रही थी, लेकिन अब दिल्ली सरकार ने उत्तराखंड रोडवेज की बसों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति दे दी है।
एआरएम संचालन केएस राणा ने बताया कि मंगलवार से दिल्ली जाने वाली बसें आनंद विहार और कश्मीरी गेट तक जाएंगी। टनकपुर, लोहाघाट और पिथौरागढ़ से वर्तमान में आठ बसें दिल्ली के लिए संचालित हैं। जिनमें से टनकपुर और पिथौरागढ़ से 3-3 और लोहाघाट डिपो से 2 बजे दिल्ली के लिए चल रही है। बसों को दिल्ली में प्रवेश की अनुमति मिलने से यात्रियों को राहत मिलेगी।